गांव में दर्दनाक हादसा, कुएं में गिरने से दो चचेरी बहनों की मौत, खेलने के दौरान हुई मासूम बच्चों की गई जान, परिवार में पसरा मातम
Tragic accident in the village: Two cousins died after falling into a well, innocent children died while playing, mourning spread in the family.
जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के कनाई गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया. जहां दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक गांव में खेलते समय प्रिंसी सूर्यवंशी और अस्मिता सूर्यवंशी अचानक पास के कुएं में गिर गई. जिसके बाद दोनों की डूबकर मौत हो गई. यह मामला घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
बताया जा रहा है कि छह साल की अस्मिता पिता छत्रप्रकाश और चार साल की प्रिंसी चंद्रप्रकाश शाम करीब 5 बजे अपने घर की बाड़ी में खेल रही थी. दोनों बच्चियां रोज की तरह खेलते हुए बाड़ी की तरफ गई थी. आधे घंटे बाद जब वे दिखाई नहीं दीं, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने दोनों की तलाश शुरु की.
पहले परिजनों ने आसपास के घरों और पड़ोसियों से पूछताछ की. लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद घर के पास स्थित कुएं की तरफ शक हुआ. जब परिजनों ने कुएं में झांककर देखा. तो दोनों बच्चियां बेहोशी की हालत में पानी में तैरती हुई दिखाई दीं.
यह नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए. परिवार और आसपास के लोगों ने फौरन उन्हें बाहर निकाला और आनन-फानन में जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच कर रही है.
गांव वालों का कहना है कि बाड़ी में बना कुआं बिना सुरक्षा कवच और जाली के खुला हुआ था. ऐसे में बच्चियों के खेलते-खेलते फिसलने की आशंका जताई जा रही है. इस तरह की घटनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों की कमी की तरफ भी संकेत करती हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है. घटना ने फिर एक बार यह चेतावनी दी है कि घरों और बाड़ियों में बने खुले कुओं के आसपास सुरक्षा इंतज़ाम जरुरी है. ताकि इस तरह की अनहोनी से मासूमों की जान बचाई जा सके. पुलिस अब घटना के हर पहलू की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



