Everest के नाम पर धोखा! आपके किचन तक पहुंच रहा ब्रांडेड मसालों की जगह नकली मसाला? फर्जी कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों के मसाले जब्त
Fraud in the name of Everest! Are fake spices arriving in your kitchen instead of branded ones? Police take major action against fraudulent businesses, seizing spices worth lakhs.
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ का बिलासपुर जिला अब नकली ब्रांडेड उत्पादों का बड़ा अड्डा बनता जा रहा है. आए दिन अलग-अलग कंपनियों के फर्जी सामान की बरामदगी से यह साफ हो रहा है कि यहां नकली कारोबार का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है. खाद्य विभाग ने छापेमारी कर मशहूर ब्रांड Everest के कथित नकली मसालों की बड़ी खेप जब्त की है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है.
कार्गो कंपनी पर छापा, गोदाम से मिला संदिग्ध माल
मिली जानकारी के मुताबिक एवरेस्ट कंपनी की शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम ने व्यापार विहार स्थित श्री बालाजी कार्गो मूवर्स पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान गोदाम में बड़ी तादाद में मसाले का स्टॉक मिला. अधिकारियों को आशंका है कि यह माल नकली हो सकता है और बाजार में सप्लाई के लिए तैयार किया जा रहा था.
बार-बार सामने आ रहे नकली ब्रांड के मामले
बिलासपुर में इससे पहले भी कई बार डुप्लीकेट गोल्ड फ्लैक सिगरेट, रेड लेबल चाय, ईनो समेत अन्य ब्रांडेड उत्पादों की नकली खेप पकड़ी जा चुकी है. लगातार हो रही इन घटनाओं से यह साफ संकेत मिल रहा है कि जिले में नकली सामान का कारोबार संगठित रूप से चल रहा है.
फूड सेफ्टी टीम ने लिए सैंपल
छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया।.टीम ने जब्त मसालों के सैंपल लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि उत्पाद पूरी तरह नकली हैं या नहीं.
कंपनी ने दी सफाई, जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा
कार्रवाई के दौरान संबंधित मूवर्स एंड पैकर्स कंपनी के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि यह मसाला किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उनके गोदाम में रखवाया गया था. हालांकि अधिकारियों ने इस दावे को संदेह के दायरे में रखते हुए जांच जारी रखी है.
FIR की तैयारी, आरोपियों से पूछताछ जारी
मामले में अब संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है. अधिकारियों द्वारा गोदाम से जुड़े लोगों और संदिग्ध सप्लाई चैन से जुड़े व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है. ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.
ग्राहकों के लिए खतरा, भरोसे पर चोट
आप बाजार से जो मसाला खरीदते हैं. वह असली है या नकली—यह सवाल अब गंभीर हो गया है. पैकिंग इतनी सटीक कि पहचान मुश्किल। स्वाद बदल सकता है. सेहत पर असर पड़ सकता है. पास खड़े एक दुकानदार ने धीमी आवाज में कहा, सस्ते में माल मिलता है. इसलिए कुछ लोग रिस्क लेते हैं… लेकिन अब डर लग रहा है.
उपभोक्ताओं के लिए चेतावनी
विशेषज्ञों का कहना है कि नकली खाद्य उत्पाद न सिर्फ आर्थिक धोखाधड़ी है. बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बन सकते हैं. उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे ब्रांडेड सामान खरीदते समय पैकेजिंग, सील और बिल की जांच जरूर करें.
प्रशासन की सख्ती, बढ़ेगी निगरानी
लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए प्रशासन ने बाजारों और गोदामों में निगरानी बढ़ाने के संकेत दिए हैं. आने वाले दिनों में और भी सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



