रबी फसल के लिए बैंक से डेढ़ लाख का लिया कर्ज, फसल हो गई बर्बाद, बिजली कटौती से परेशान किसान ने फांसी लगाकर कर ली खुदकुशी

Took a loan of 1.5 lakh from the bank for Rabi crop, crop got ruined, farmer troubled by power cut committed suicide by hanging himself

रबी फसल के लिए बैंक से डेढ़ लाख का लिया कर्ज, फसल हो गई बर्बाद, बिजली कटौती से परेशान किसान ने फांसी लगाकर कर ली खुदकुशी

महासमुंद : महासमुंद जिले में ग्राम सिंघनपुर के किसान पूरन निषाद ने अपने खेत के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी. बेटे का कहना है कि बिजली कटौती से फसल बर्बाद होने से किसान परेशान था. वहीं पुलिस ने पीएम रिपोर्ट से पहले कुछ भी कहने में असमर्थता जताई है. यह मामला झलप से 4 किलोमीटर दूर ग्राम सिंघनपुर का है.
मिली जानकारी के मुताबिक पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिघनपुर में सुबह परिजनों ने किसान पूरन निषाद की लाश उसके खेत में लगे नीम के पेड़ में लटकी हुई देखी. इसकी खबर फौरन पुलिस को दी गई. मृतक के बेटे तुलेश्वर निषाद ने बताया कि उसके पिता ने झलप स्थित ग्रामीण सेवा सहकारी बैंक से 1 लाख 55 हजार रुपए का केसीसी कर्ज लिया था. इसके अलावा भी उसने साहूकारों से करीब डेढ़ लाख का कर्ज लिया था.
बिजली कटौती से बर्बाद हो गए खेत
मृत किसान के बेटे तुलेश्वर निषाद ने बताया कि खेती-बाड़ी की वजह से पिताजी काफी परेशान थे. उन्होंने खेत में बोर खुदवाए थे. एक बोर चल रहा था. लेकिन बिजली कटौती की वजह से पानी का इंतजाम नहीं हो सका और खेत सूख गया. घर पर झगड़े वाली कोई बात नहीं थी. उन्होंने बताया कि छह से आठ घंटे कटौती होती है. ऑपरेटर अगर सो जाता है. तो रात भर बिजली गुल रहती है. बिजली कटौती से खेत में लगी खड़ी फसल को हो रहे नुकसान की वजह से पिता ज्यादा परेशान थे.
कांग्रेस नेता ने लगाया ये आरोप
बिजली की समस्या को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता अंकित बागबाहरा ने कहा कि बिजली विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है. जिसे जगाने के लिए हमने बार-बार धरना-प्रदर्शन किया था. लेकिन फिर भी बिजली विभाग और जिला प्रशासन ने सही समय पर कोई भी उचित कार्रवाई नहीं की. यही वजह है कि किसान पूरन लाल निषाद ने आज अपने ही खेत में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. अंकित ने बताया कि पहले ही कई बार उससे बिजली की समस्या को लेकर जिक्र किया था.
स्थानीय किसानों में आक्रोश, सरकार से मुआवजे की मांग
इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. किसान संगठनों ने सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार की मांग की है.
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
वहीं मामले में महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लहंगे ने कहा कि बिजली कटौती की वजह से ही किसान ने खुदकुशी की है. यह कहना मुश्किल है. जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा. एसडीएम और थानेदार को जांच के लिए कहा गया है. वही पुलिस ने भी मामले की जांच और पीएम रिपोर्ट के आने तक खुदकुशी की वजह का खुलासा नहीं हो सकेगा.
कुलेश्वर निषाद ने बताया कि परिवार में 2 भाई, 1 बहन, पत्नी और मां है. फसल बेच कर ही उनका गुजारा चलता था. पूरा परिवार इसी आमदनी पर आश्रित था. अब परिवार के सामने आर्थिक संकट आ पड़ा है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।.कलेक्टर ने एसडीएम और थाना प्रभारी को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI