मैनपुर के पास धवलपुर रोड किनारे मृत अवस्था में मिला तेंदुआ, पीएम रिपोर्ट का इंतजार, इधर कुएं में गिरकर मादा तेंदुए और शावक की मौत, बदबू से खुला राज

A leopard was found dead on the Dhawalpur Road near Mainpur, awaiting the post-mortem report. Meanwhile, a female leopard and her cub died after falling into a well, and the smell revealed the secret.

मैनपुर के पास धवलपुर रोड किनारे मृत अवस्था में मिला तेंदुआ, पीएम रिपोर्ट का इंतजार, इधर कुएं में गिरकर मादा तेंदुए और शावक की मौत, बदबू से खुला राज

मैनपुर के पास धवलपुर रोड किनारे मृत अवस्था में मिला तेंदुआ
गरियाबंद : राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130C पर मैनपुर से लगभग 10–12 किलोमीटर दूरी धवलपुर मार्ग पर एक तेंदुआ (जिसे कई क्षेत्रों में बघेरा या चीता भी कहा जाता है) मृत हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों से खबर मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरु की.
घटना की जानकारी मिलने के बाद धवलपुर रेंज (राजस्व सीमा परागांव रपटा नाला) के वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया. सड़क किनारे सूखी घास के बीच तेंदुआ मृत हालत में पड़ा मिला. जिसे देखने के लिए आसपास के ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई.
वन विभाग धवलपुर रेंज के रेंजर कामता प्रसाद की उपस्थिति में मृत तेंदुए का विधिवत पोस्टमार्टम (PM) कराया गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग द्वारा निर्धारित नियमों के मुताबिक शव का दाह सस्कार किया गया.
अधिकारियों के मुताबिक तेंदुए की मौत के सही वजह का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चलेगा.
तेंदुए की मौत के पीछे कई संभावित कारणों की आशंका जताई जा रही है. पानी की तलाश में सड़क की तरफ़ आने या किसी तेज रफ्तार वाहन से टक्कर होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता.
हालांकि इस तरह की घटनाओं में कभी-कभी शिकारियों द्वारा जहर देने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं. क्योंकि तेंदुए की खाल की अवैध तस्करी से जुड़े मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. लेकिन इस मामले में अभी तक जहर देने की पुष्टि नहीं हुई है और इसे केवल एक आशंका के रूप में देखा जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक इस क्षेत्र में पहले भी कई बार तेंदुओं की आवाजाही देखी गई है. जंगल से सटे इलाकों में पानी और भोजन की तलाश में वन्यजीव अक्सर सड़क किनारे तक पहुंच जाते हैं. जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है.
फिलहाल इस पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि तेंदुए की मौत वाहन टक्कर, पानी की तलाश में भटकने या किसी अन्य कारण से हुई है.
वन विभाग ने मामले की जांच जारी रखने की बात कही है. ताकि अगर इसमें किसी तरह की अवैध गतिविधि सामने आती है. तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

कांकेर में कुएं में गिरकर मादा तेंदुए और शावक की मौत, बदबू से खुला राज
कांकेर : कांकेर जिले के विकासखण्ड नरहरपुर से लगभग 11 किलोमीटर दूर ग्राम बनसागर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक मादा तेंदुआ और उसके शावक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। यह घटना तब उजागर हुई जब गांव में स्थित एक घर की बाड़ी में बने कुएं से तेज बदबू आने लगी.
बनसागर के ग्रामीणों ने जब बदबू के कारण कुएं के पास जाकर देखा तो अंदर का नजारा देख सभी दंग रह गए। कुएं में एक मादा तेंदुआ और उसका छोटा शावक मृत अवस्था में पड़े थे। बताया जा रहा है कि यह कुआं गांव के निवासी कन्नू कुंजाम पिता लक्ष्मण कुंजाम के घर की बाड़ी में बना हुआ है। कुएं में पर्याप्त मात्रा में पानी भरा हुआ था, जिससे दोनों जानवर बाहर नहीं निकल पाए और उनकी डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को जानकारी दिया। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद शवों को आगे की कार्रवाई के लिए नरहरपुर लाया गया.
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है. आशंका जताई जा रही है कि रात के समय पानी पीने या शिकार के दौरान तेंदुआ और उसका शावक कुएं में गिर गए होंगे. कुएं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था या जाली नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं होने की संभावना बनी रहती है. इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग किया है कि इस क्षेत्र में खुले कुओं के चारों ओर सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल वन विभाग मामले की जांच कर रहा है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t