आम के पेड़ से लटका मिला संदिग्ध हालत में महिला का शव, इलाके में मचा हड़कंप, आत्महत्या या हत्या? जांच में जुटी पुलिस
The body of a woman was found hanging from a mango tree in suspicious condition, causing panic in the area, suicide or murder? Police is investigating
गरियाबंद/छुरा : गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पाठसिवानी गांव में आज शनिवार की सुबह एक महिला शारदाबाई विश्वकर्मा उम्र करीब 50 साल का शव गांव के बाहरी हिस्से में स्थित आम के पेड़ से संदिग्ध हालत में लटका हुआ पाया गया. यह घटना सामने आते ही स्थानीय पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक शव आम के एक पेड़ की नीची टहनी से साड़ी के पल्लू के सहारे लटका हुआ था. लेकिन मृतका का शरीर जमीन से करीब पूरी तरह सटा हुआ था. प्रारंभिक निरीक्षण में यह देखा गया कि फंदा कसाव के साथ नहीं बंधा हुआ था और साड़ी का पल्लू भी पूरी तरह जमीन से टकरा रहा था.
इन हालातों को देखते हुए पुलिस को शक है कि यह मामला सिर्फ खुदकुशी का नहीं हो सकता. घटनास्थल की परिस्थिति और शव की हालत आत्महत्या की सामान्य प्रवृत्तियों से मेल नहीं खा रही है. जिससे यह मामला और ज्यादा संदिग्ध हो गया है.
छुरा थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल इस मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस ने मृतका के आवास, मोबाइल फोन, पहनावे और शव के आसपास की भौतिक परिस्थिति का मुआयना किया है.
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक दृष्टया मामला आत्महत्या प्रतीत हो सकता है. लेकिन शव की हालत शक पैदा कर रही है. इसलिए हम हत्या की संभावना को भी खारिज नहीं कर रहे हैं. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. जिससे मौत की वजह साफ हो सके.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि मृतका की मौत दम घुटने से हुई या फिर अन्य किसी और वजह से हुई है. अगर गले पर कसाव के निशान संदिग्ध पाए जाते हैं या चोट के कोई अन्य निशान मिलते हैं. तो मामला धारा 302 (हत्या) में तब्दील किया जा सकता है.
अभी तक पुलिस ने किसी भी संदिग्ध को हिरासत में नहीं लिया है. लेकिन जांच टीम ने मौके से फॉरेंसिक सबूत इकठ्ठा करना शुरु कर दिया है. पुलिस द्वारा फॉरेंसिक टीम को भी इस मामले में बुलाया गया है ताकि घटनास्थल की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके। विशेष रुप से यह देखा जा रहा है कि साड़ी का फंदा किस तरह से बंधा था. टहनी की ऊँचाई कितनी थी. और क्या वहां किसी संघर्ष या खींचतान के संकेत मौजूद हैं.
इसके साथ ही शारदाबाई के पिछले दिनों की गतिविधियों, मानसिक स्थिति और स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है. ताकि यह समझा जा सके कि क्या उन्होंने खुद कोई आत्मघाती कदम उठाया या उनके साथ कोई अपराधिक कृत्य हुआ है.
घटना के बाद से पाठसिवानी गांव में हलचल जरुर है. लेकिन पुलिस ने आम लोगों से अपील किया कि वे किसी अनौपचारिक चर्चा या अफवाह पर ध्यान न दें और जांच को अपना काम करने दें. थाना प्रभारी ने कहा कि हम गंभीरता से जांच कर रहे हैं और जल्द ही सच्चाई सामने लाएंगे। जनता से अनुरोध है कि वह किसी भी तरह की अफवाह फैलाने से परहेज करें.
पाठसिवानी गांव में शारदाबाई विश्वकर्मा की मृत्यु ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या यह वाकई आत्महत्या है. या किसी ने इसे आत्महत्या की शक्ल देने की कोशिश की है? पुलिस इन सवालों के जवाब ढूंढने में जुटी है. अब सारी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी को सुलझाने की दिशा में पहला ठोस कदम साबित होगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



