छत्तीसगढ़ के थाने में गोली चलने से मचा हड़कंप, नोटिस के बाद थाना पहुंचे युवा कांग्रेस नेता ने की फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार
There was a commotion due to firing in Chhattisgarh police station, Youth Congress leader who reached the police station after receiving notice opened fire, accused Ankit arrested
महासमुंद : महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना परिसर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कांग्रेस नेता अंकित बागबाहरा के हाथ से गलती से एक 32 बोर की पिस्टल से गोली चल गई. घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. लेकिन थाना परिसर में हुई इस अचानक फायरिंग की घटना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांचकर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस नेता अंकित बागबाहरा शनिवार को अपने 32 बोर पिस्टल को जमा कराने बागबाहरा थाना पहुंचे थे. दरअसल उनके शस्त्र लाइसेंस की मियाद खत्म हो चुकी थी. जिसके बारे में उन्हें थाना द्वारा नोटिस भी जारी किया गया था.
उसी नोटिस का पालन करते हुए अपने हथियार को थाना में जमा कराने पहुंचे थे. लेकिन इसी प्रक्रिया के दौरान अचानक अंकित के हाथ से ट्रिगर दब गया या किसी तकनीकी खामी के कारण पिस्टल से गोली जमीन पर चल गई. यह फायरिंग थाना परिसर में ही हुई. जिससे वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी और आमजन स्तब्ध रह गए. हालांकि सौभाग्यवश कोई जनहानि नहीं हुई.
घटना के फौरन बाद बागबाहरा थाना प्रभारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई. प्रधान आरक्षक की शिकायत पर आरोपी अंकित बागबाहरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.
पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशुतोष सिंह ने बताया कि पिस्टल के लाइसेंस की अवधि खत्म हो चुकी थी. इसी वजह से थाना की तरफ से नोटिस जारी किया गया था. पिस्टल जमा करने के दौरान ही यह घटना हुई. पुलिस ने सावधानी बरतते हुए फौरन आरोपी को हिरासत में लिया और जांच शुरु की गई. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं.
अंकित बागबाहरा इलाके के सक्रिय युवा कांग्रेस नेता माने जाते हैं. अब पुलिस हिरासत में हैं और घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पिस्टल लोडेड कैसे थी और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किस स्तर पर हुआ. यह भी देखा जा रहा है कि क्या यह फायरिंग सहज हादसा थी या लापरवाही का मामला है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
ttps://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



