भिलाई स्टील प्लांट के पास आज होगी ‘मॉक ड्रिल’, शाम 4 बजे बजेगा सायरन, गाइडलाइन जारी, पाकिस्तान को मिलेगा कड़ा जवाब

A mock drill will be held near Bhilai Steel Plant today, siren will sound at 4 pm, guidelines issued, Pakistan will get a strong reply

भिलाई स्टील प्लांट के पास आज होगी ‘मॉक ड्रिल’,  शाम 4 बजे बजेगा सायरन, गाइडलाइन जारी, पाकिस्तान को मिलेगा कड़ा जवाब

दुर्ग : आज 7 मई को देश के 244 स्थानों पर यह मॉक ड्रिल होनी है. जिसमें लोगों को यह बताया जाएगा कि किसी हमले या विपरीत स्थिति में कैसे खुद को बचाया जाए. केंद्र सरकार की तरफ से सभी राज्यों के चीफ सेक्रेटरीज को जारी निर्देशों में पाकिस्तान का जिक्र नहीं किया गया है. लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के बाद इसका आयोजन अहम है. 1971 के बाद पहली बार देश में इस तरह मॉक ड्रिल हो रही है. इस दौरान सायरन बजाए जाएंगे. कुछ देर के लिए ब्लैकआउट होगा और लोगों को निकालने का अभ्यास किया जाएगा.
इस मॉक ड्रिल को होम मिनिस्ट्री के आदेश पर सभी राज्यों में किया जा रहा है. देश के उन 244 जिलों में यह ड्रिल होगी. जहां सिविल डिफेंस विभाग ऐक्टिव है. यह एक्सरसाइज गांव लेवल पर भी होनी है. आदेश में कहा गया है कि ऐसा इसलिए किया जाएगा ताकि परखा जा सके कि किसी भी आपदा या संकट के हालात में नागरिकों के स्तर पर कितनी तैयारी है.
इस ड्रिल में सिविल डिफेंस वार्डन्स, वॉलंटियर्स, होम गार्ड्स, एनसीसी, एनएसएस के लोगों को शामिल किया जाएगा. इसके अलावा स्कूल और कॉलेजों के छात्र भी इसमें हिस्सा लेंगे. इसके अलावा नोटिफिकेशन में कहा गया है कि आम नागरिकों को भी प्रशिक्षण प्रदान किया जाए. इसका मतलब है कि आम नागरिकों को भी कुछ हद तक इसमें शामिल किया जा सकता है.
गृह मंत्रालय ने दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों को 7 मई को व्यापक नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए हैं. ताकि विदेशी हमले की स्थिति में आपातकालीन तैयारी को परखा और सुदृढ़ किया जा सके। यह अभ्यास देशभर में चिह्नित 244 ‘नागरिक सुरक्षा जिलों’ में आयोजित होंगे. सूची में भिलाई शहर को भी शामिल किया गया है.
प्रदेश के सिर्फ एक शहर भिलाई में सायरन बजेगा और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए ‘मॉक ड्रिल’ किया जाएगा. इस मॉक ड्रिल को लेकर मंगलवार को सचिवालय में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक मीटिंग भी हुई. जिसमें मॉक ड्रिल को लेकर पूरी रूपरेखा तैयार की गई। वहीं सभी कलेक्टर और एसपी को जानकारी शेयर की जाएगी.
केंद्र सरकार सभी संभावित खतरों को ध्यान में रखकर आवश्यक तैयारियां कर रही है. छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र के निर्देशों का पूरी तरह पालन करेगी और मॉक ड्रिल के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
ये 10 तरह के अभ्यास
हवाई हमले की चेतावनी सायरनों का संचालन किया जाएगा।
विद्यार्थियों को नागरिक सुरक्षा उपायों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
तत्काल ब्लैकआउट का अभ्यास।
महत्त्वपूर्ण ढांचों को छिपाना।
निकासी योजना का पूर्वाभ्यास।
वायु सेना के साथ हॉटलाइन/ रेडियो संचार लिंक का संचालन।
वार्डन-अग्निशमन सहित नागरिक सुरक्षा सेवाओं की सक्रियता जांचना।
नियंत्रण-छाया नियंत्रण कक्षों की कार्यक्षमता का परीक्षण करना।
बंकरों-खाइयों की सफाई करना।
नागरिक सुरक्षा योजनाओं को अपडेट करना एवं उनका पूर्वाभ्यास
देश में पिछली बार ऐसी मॉक ड्रिल 1971 में हुई थी. तब भारत और पाकिस्‍तान के बीच युद्ध हुआ था. यह मॉक ड्रिल युद्ध के दौरान हुई थी. हालांकि रविवार-सोमवार रात पंजाब के फिरोजपुर छावनी में ब्लैकआउट प्रैक्टिस की गई. इस दौरान गांवों और मोहल्लों में रात 9 बजे से 9:30 बजे तक बिजली बंद रही.
देश के जिन 244 जिलों में मॉक ड्रिल की तैयारी है. उनमें अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, पंचकूला, पानीपत, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर शामिल हैं. इसके अलावा गुजरात के अहमदाबाद, जामनगर, गांधीनगर, भावनगर, कांडला, अंकेलेश्वर, ओका शामिल हैं. जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, बडगाम, बारामूला, डोडा, जम्मू, कारगिल,कठुआ, कुपवाड़ा, लेह, पुंछ, राजौरी, श्रीनगर, उधमपुर, सांबा, उरी, नौशेरा, सुंदरबनी और अवंतिपुर और अखनूर शामिल हैं. राजधानी दिल्ली में भी कई स्थानों पर यह मॉक ड्रिल होगी. उत्तर प्रदेश के तो सभी जिलों को इसमें शामिल किया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मॉकड्रिल के दौरान घबराएं नहीं और वीडियो में दिए गए निर्देशों का पालन करें. साथ ही यह चेतावनी भी दी गई है कि अगर कोई व्यक्ति अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.